बड़ा खुलासा: भोपाल के ‘दैनिक श्रेष्ठ न्यूज़’ दफ्तर और 3 अवैध कॉल सेंटरों पर महाराष्ट्र पुलिस व भोपाल क्राइम ब्रांच का छापा।
नागपुर के सरपंचों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से की थी शिकायत I

DABANG NEWS LIVE
18 Nov.2026
भोपाल/नागपुर -अखबार के नाम का दुरुपयोग कर जनप्रतिनिधियों को ब्लैकमेल करने और अवैध वसूली करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। महाराष्ट्र की नागपुर ग्रामीण पुलिस और भोपाल क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने भोपाल स्थित ‘दैनिक श्रेष्ठ न्यूज़’ के कार्यालय और उससे जुड़े ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में 4 मुख्य महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें भोपाल कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पूछताछ के लिए नागपुर ले जाया गया है।
मुख्यमंत्री से शिकायत के बाद खुला राज
इस पूरे मामले की शुरुआत 8 नवंबर को हुई थी, जब नागपुर जिले के लोहारी सावंगा में कई महिला सरपंचों ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर अपनी पीड़ा बताई थी। सरपंचों ने शिकायत की थी कि ‘दैनिक श्रेष्ठ न्यूज़’ के नाम से कुछ लोग उन्हें फोन कर विज्ञापन के लिए पैसे मांगते हैं। पैसे न देने पर पंचायत में भ्रष्टाचार की झूठी और बदनाम करने वाली खबरें छापने की धमकी दी जाती है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद नागपुर ग्रामीण के नारखेड़ थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
8 राज्यों में फैला था वसूली का जाल
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह सरकारी पोर्टल से देशभर के सरपंचों, विधायकों और पंचायत सचिवों के नंबर निकालता था। गिरोह का नेटवर्क मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के अलावा राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश तक फैला हुआ था। आरोपियों ने अलग-अलग राज्यों के प्रतिनिधियों से उन्हीं की स्थानीय भाषा में बात करने और दबाव बनाने के लिए बाकायदा स्टाफ रखा था।
3 अवैध कॉल सेंटरों से भारी मात्रा में सामान जब्त
संयुक्त टीम ने भोपाल के हर्षवर्धन नगर (टीटी नगर), निशातपुरा और एमपी नगर में संचालित हो रहे तीन अवैध कॉल सेंटरों पर दबिश दी। वहां करीब 35 महिलाएं नियमित वेतन पर काम करती मिलीं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 54 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 2 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 1 प्रिंटर, चेक बुक, क्यूआर कोड रसीदें और जनप्रतिनिधियों के डेटा वाले 618 रजिस्टर जब्त किए हैं।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर नागपुर कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नागपुर ग्रामीण के एसएसपी हर्ष ए. पोद्दार के अनुसार, जब्त किए गए रजिस्टरों और बैंक खातों की जांच की जा रही है ताकि वसूली गई कुल रकम का पता लगाया जा सके। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे असली मास्टरमाइंड कौन है।
इस पूरे मामले में इस अखबार ने छत्तीसगढ़ में सभी पंचायतों के सरपंच और सचिवों को अपना निशाना बनाया था और अवैध वसूली कर रहे थे । ये अलग बात है कि इस मामले में छत्तीसगढ़ के सरपंचो या सचिवों ने महाराष्ट्र के सरपंचों की तरह शिकायत नहीं की । इस अखबार ने रायपुर में भी अपना कार्यालय बनाया हुआ है और वहीं से इस तरह का खेल किया जा रहा था । देखना होगा भोपाल में हुई कार्यवाही के बाद क्या छत्तीसगढ़ में इस अखबार के दफतर पर कोई कार्यवाही होती है या नहीं या और यहां का सरपंच संघ या सचिव संघ ऐसे लोगों की शिकायत करता भी है या नहीं ।



