महीनों से गायब गुरूजी अपने बीईओ कार्यालय में ही पहुंच गए नशे में धुत्त और एक एबीओ से कर बैठे अभद्रता ।
शराब और हंगामें ने कराया गुरूजी को निलंबित ।

दबंग न्यूज लाईव
बुधवार 30.09.2026
करगीरोड – कोटा विकासखंड के एक शिक्षक ने अपने पुरे शिक्षक समुदाय की गरिमा को तार तार कर दिया । मामला है सोनपुरी प्राथमिक स्कूल में पदस्थ सहायक शिक्षक अभिमन्यु मरकाम का । शिक्षक अभिमन्यु मरकाम पिछले कई महिने से अपने स्कूल से गायब थे लेकिन सात सितम्बर को वे शराब के नशे में धुत्त होकर बीईओ कार्यालय पहुंच गए और हंगामा करने लगे इस बीच एक एबीओ से उन्होंने अभद्रता की जिसके बाद उन्हें डीईओ ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सहायक शिक्षक अभिमन्यु मरकाम 15 जुलाई से 7 सितंबर तक बिना किसी पूर्व सूचना के स्कूल से लगातार गायब चल रहा था। उसकी इस मनमानी और ड्यूटी के प्रति लापरवाही को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं स जिस जिला शिक्षा अधिकारी नें कड़ा कदम उठाया ।
7 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 1 बजे, शिक्षक अचानक बीईओ कार्यालय पहुंचा। वह पूरी तरह शराब के नशे में धुत था। कार्यालय में प्रवेश करते ही वह एबीओ और अन्य कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार और अभद्रता करने लगा। शिक्षक की इस हरकत से शासकीय कार्य में भारी बाधा उत्पन्न हुई।
विभाग ने इसकी सूचना तुरंत कोटा थाने को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी शिक्षक का मुलाहिजा कराया, जिसमें उसके शराब पीने की पुष्टि हुई। बीईओ के जांच प्रतिवेदन के आधार पर, डीईओ ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों का घोर उल्लंघन और अनुशासनहीनता माना। शिक्षक अभिमन्यु मरकाम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, तखतपुर नियत किया गया है।



