कोटा की सुमन केरकेट्टा ने कुराश में जीता गोल्ड
अब राष्ट्रीय स्तर पर करेगी छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व’

दबंग न्यूज लाईव
शुक्रवार 09.10.2026
कोटा – प्रतिभा और लगन चाहे किसी भी कोने में हो वक्त और मौका मिलने पर चमकती जरूर है । ऐसा ही कुछ कारनामा किया है कोटा की सुमन केरकेट्टा ने जिन्होंने 26 वीं राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल पर अपना कब्जा करते हुए अपने विद्यालय के साथ ही कोटा नगर को भी गौरान्वित किया है ।

शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटा की कक्षा 10वीं की होनहार छात्रा सुमन केरकेट्टा’ ने 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता बलौदा बाजार में ’कुराश’ खेल में शानदार प्रदर्शन करते हुए फुल मार्क्स के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के साथ अब सुमन राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी।

अपनी छात्रा के इस शानदार प्रदर्शन पर विद्यालय ने एक सम्मान समारोह का आयोजन किया । जिसमें कोटा की नव पदस्थ एसडीएम भी उपस्थित रहीं ।

सम्मान समारोह में स्कूल के एसएमसी अध्यक्ष सुलेश पाण्डेय गोल्ड मेडल जीतने वाली सुमन केरकेट्टा के प्रदर्शन की सराहना की तथा स्कूल में खेल के माहौल पर और ज्यादा ध्यान देने की बात की । प्राचार्य श्रीमती आशा दत्ता, प्रभारी प्राचार्य श्रीमती अर्पणा लाल, सदस्य श्री कमल आहूजा, श्री मोहन कोरी, डॉ. आर. बी. गुप्ता’ सहित विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

एसडीएम सुश्री सीमा पोर्ते ने अपने उद्बोधन में कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। सुमन की यह सफलता अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा है। कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही बड़ी सफलता मिलती है। उन्होंने सुमन को राष्ट्रीय स्तर के लिए शुभकामनाएं दीं।
’प्राचार्य श्रीमती आशा दत्ता ने स्वागत भाषण’ में कहा कि सुमन जैसी प्रतिभावान छात्राओं पर हमें गर्व है। विद्यालय हर स्तर पर छात्राओं को खेल और शिक्षा दोनों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता रहेगा।



