छत्तीसगढ़ राज्यकरगी रोडकोरबापेंड्रा रोडबिलासपुरमरवाही
Trending

दबंग न्यूज लाईव की खबर का असर । पंचायत में लाखों का घालमेल करने वाला सचिव हुआ निलबिंत ।

नवागांव मोहंदा में सचिव रहते हुए सरपंच के फर्जी हस्ताक्षर से निकाले कई लाख ,सरपंच को हवा तक नहीं

दबंग न्यूज लाईव
21 नवम्बर 2026
बिलासपुर /कोटा – कोटा जनपद पंचायत के लालपुर के सचिव को आर्थिक अनियमितता तथा पंचायत की राशि के दुरूपयोग के आरोप में निलंबित कर दिया गया है । ज्ञात हो कि लालपुर पंचायत में हुई आर्थिक अनियमितताओं की खबर को दबंग न्यूज लाईव ने अपने अंकों में प्रमुखता से प्रकाशित किया था । जिसके बाद जिला पंचायत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए और जांच टीम के प्रतिवेदन के आधार पर हरीश खांडे को इस पूरे मामले में दोषी पाया तथा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया ।


लेकिन सचिव हरीश खांडे के ये कारनामें सिर्फ लालपुर पंचायत तक ही सीमीत नहीं थे इसने नवागांव मोहंदा में भी सचिव रहते हुए सरपंच के फर्जी हस्ताक्षर से लाखों रूपए निकाल लिए ।


कोटा जनपद पंचायत के लालपुर के सचिव हरीश खांडे ने लालपुर के पंचायत में तो लाखों का घोटाला किया ही लेकिन उसके पहले उसने नवागांव मोहंदा के चार्ज में रहते हुए भी लाखों रू अवैध रूप से निकाल लिए । हद्द तो ये हो गई कि वहां की महिला सरपंच को हवा तक नहीं लगा और सचिव ने सरपंच के फर्जी हस्ताक्षर करते हुए कई लाख रू अंदर कर लिए ।


पूरा मामला है सचिव हरीश खांडे के नवागांव मोहंदा में सचिव के पद पर रहते हुए किए गए कारनामें का । सचिव हरीश खांडे ने इस पंचायत से 26.11.2025 से 08.06.2026 के सात माह के कार्यकाल में नौ चेक के माध्यम से निर्माण कार्य के मद से चार लाख तीस हजार रू. निकाल लिए गौर करने वाली बात ये है कि इन चेकों और आहरण की जानकारी ना तो सरपंच को थी और ना ही पंचायत की किसी अन्य प्रतिनिधि को ।


मामला तब खुला जब निर्माण कार्य में मटेरियल सप्लाई करने वालों ने सरपंच से पैसों के लिए तगादा करना शुरू किया । सरपंच ने जब अपने पंचायत का बैंक अकाउंट देखा तो उसके होश उड़ गए क्योंकि खाते में एक भी पैसा नहीं था ।


इसके बाद सरपंच श्रीमती अश्वनी सिदार और सरपंच प्रतिनिधि विष्णु सिदार ने बैंक जाकर इस बारे में पता किया तो पता चला कि बैंक खाते से पहले ही चेक के माध्यम से पैसे निकल चुके हैं ।
इस बारे में सरपंच प्रतिनिधि विष्णु सिदार ने बताया कि – “जब इस बारे में सचिव हरीश खांडे से पूछा गया तो उसका कहना था कि बैंक वाले ऐसे ही बोल रहे होंगे । सरपंच प्रतिनिधि ने बताया कि इसके बाद उसने बैंक से पूरे नौ चेको की डिटेल प्राप्त किया जनपद पंचायत के साथ ही थाने में भी इसकी शिकायत की ।”


गौरतलब है कि यदि मोहंदा में जब इसने ऐसा काम किया और सरपंच ने जनपद में शिकायत किया तो उस समय इस पर कोई कार्यवाही क्यों नहीं हुई यदि मोहंदा में रहते हुए ही इस पर कार्यवाही हो जाती तो लालपुर पंचायत के लाखों रूपए बच जाते । अब देखना होगा मोहंदा पंचायत की जांच कब होती है और सचिव हरीश खांडे के उपर और क्या कार्यवाही होती है या मामला निलंबन के बाद बहाली और किश्तों में राशि जमा करने तक सिमट जाएगा ।

Related Articles

Back to top button