दबंग एक्सक्लुसिव – कोटा जनपद अध्यक्ष सूरज साधेलाल भारद्वाज के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी ।
एक दर्जन जनपद सदस्यों ने जताया अविश्वास ।

दबंग न्यूज लाईव
सोमवार 08.06.2026
करगीरोड कोटा – कोटा में आज यूं तो मौसम काफी गरम था लेकिन इससे ज्यादा गरम खबर जनपद पंचायत कोटा से निकल कर सामने आई है । जनपद पंचायत कोटा में आज सुशासन तिहार के अंतिम शिविर का समापन पिपरतराई में हुआ । सुशासन तिहार में जो होना होता है वो हुआ । अधिकारी आए नेता आए योजना बताए और चले गए । लेकिन इस सबके बीच कोटा जनपद पंचायत के लगभग ग्यारह जनपद सदस्य दुसरे ही मामले को लेेकर व्यस्त थे ।

और ये मामला भी कोई छोटा मोटा नहीं सीधे जनपद अध्यक्ष सूरज साधेलाल भारद्वाज के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर था । जनपद पंचायत के ग्यारह जनपद सदस्यों ने आज कलेक्टर और विहित प्राधिकारी को अविश्वास प्रस्ताव की विधिवत सूचना देते हुए कोटा जनपद की राजनीति में भूचाल ला दिया ।आज कलेक्टर और विहित प्राधिकारी को अविश्वास प्रस्ताव की विधिवत सूचना देते हुए कोटा जनपद की राजनीति में भूचाल ला दिया ।

जनपद पंचायत के ग्यारह सदस्य उर्मिला प्रधान , रघुवीर आर्मो , अरविन्द जायसवाल , रामप्रसाद श्रीवास , श्रीमति नेहा साहू ,राघवेन्द्र गहवई , अलीबाबा कश्यप , धर्मेन्द्र देवांगन , और मनोज मरावी ने आज पंचायती राज अधिनियम 1993 तथा प्रचलित नियमों के अंतर्गत अविश्वास प्रस्ताव के लिए जनपद पंचायत का विशेष सम्मेलन बुलाने की मांग की है ।
जनपद पंचायत सदस्यों ने अपने आवेदन में अविश्वास प्रस्ताव के लिए चार बिदुंओ को आधार बनाते हुए कहा है कि जनपद पंचायत अध्यक्ष जनहित के कार्याें में उदासीन है साथ ही जनपद पंचायत का सूचारू रूप से संचालन नहीं कर पा रही है । जनपद पंचायत के सदस्यों की उपेक्षा की जा रही है तथा प्रशासनिक कार्यों में समन्वय का अभाव है । इसके साथ ही जो सबसे बड़ा आरोप लगा है वो पंद्रहवें वित्त को लेकर है सदस्यों का आरोप है कि पंद्रहवें वित्त की राशि का आबंटन अध्यक्ष अपने निर्वाचन क्षेत्र में ज्यादा कर रही है जिसके कारण जनपद सदस्यों को जनपद अध्यक्ष पर विश्वास नहीं रह गया है ।
एक वरिष्ठ जनपद सदस्य ने नाम ना छापने की शर्त पर बताया कि – ये कोटा जनपद के इतिहास में पहली बार होगा जब अध्यक्ष के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाना पड़ रहा है लगभग बाईस से तेइस जनपद सदस्य अध्यक्ष के कार्यो से नाराज हैं ।
इस बारे में जनपद अध्यक्ष सूरज साधेलाल भारद्वाज से बात की गई तो उनका कहना था – इस बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है आपसे ही पता चल रहा है । मैं तो आज दिन भर पिपरतराई के शिविर में थी । मेरा तो किसी भी सदस्य से ना तो मनमुटाव है और ना ही कोई विवाद । कुछ दिन पहले ही जनपद की बैठक भी हुई है उसमें भी ऐसा कुछ रहता तो सामने आता । अब कुछ सदस्य क्यों ऐसा कर रहे हैं पता नहीं ।
देखना है इस पूरे उठापटक के बाद अविश्वास प्रस्ताव लाने के बारे में क्या निर्णय होता है लेकिन इतना तय है अब दोनों ही पक्ष अपने अपने पक्ष में लोगों को रखने और लाने के लिए कमर कस कर मैदान में उतर जाएंगे ।



