जनपद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव गिरा ।

सूरज साधेलाल भारद्वाज ने आखिर कौन सी चल दी चाल ।
दंबग न्यूज लाईव
सोमवार 22.06.2026
कोटा – कोटा में आज दो तरफा गर्मी उमस और हवा में गरमाहट थी । लोग मौसम से परेशान थे और जनपद के बरामदे में राजनैतिक उमस का पारा चढ़ा हुआ था । शाम होते होते अचानक आई बारिश ने नगर के लोगों को गर्मी और उमस से राहत तो दिला दी लेकिन जनपद के अंदर माहौल गरम ही था ।शुरूवाती चरण में तो जनपद अध्यक्ष सूरज साधेलाल भारद्वाज को हाईकोर्ट जाने के बाद भी राहत नहीं मिल पाई थी और आखिरकार हाईकोर्ट के आदेश के बाद अविश्वास प्रस्ताव की विधिवत प्रक्रिया शुरू हुई ।
सुबह 11 बजे शुरू होने वाली कार्यवाही कई तकनीकी अड़चनों और हाईकोर्ट में मामले के चले जाने के कारण देर से शुरू हुई । शाम चार बजे के बाद अविश्वास प्रस्ताव पर कार्यवाही शुरू हुई । जैसे जैसे समय बीत रहा था जनपद के बाहर खड़े दोनों पक्षों के समर्थकों में बेचैनी बढ़ते जा रही थी ।
25 जनपद सदस्यों वाली जनपद पंचायत में आज सभी जनपद सदस्य उपस्थित थे । औपचारिकता के बाद मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई । जिसमें सभी 25 सदस्यों ने हिस्सा लिया । दबंग न्यूज लाईव ने पहले से ही ये संभावना व्यक्त कर दिया था अध्यक्ष के खिलाफ प्रस्ताव को पास कराने में काफी दिक्कत आएगी और हुआ भी वही ।
मतदान के बाद जब घोषणा हुई तो सूरज भारद्वाज के पक्ष में नौ सदस्यों ने अपनी सहमती प्रदान की जबकि 16 सदस्यों ने प्रस्ताव के पक्ष में व्होट किया । अध्यक्ष को अपनी कुर्सी बचाने के लिए नौ सदस्यों की ही जरूरत थी जो उन्होंने अपने पाले में सुरक्षित कर लिया था ।
कयास लगाने वाले कयासबाजों की बात पूरे समय हवा में तैरते रही जिसमें यही बात सबसे ज्यादा चलते रही कि आखिर बीस दिन से एक साथ रहने वाले 22 सदस्यों में से किसने गच्चा दे दिया और गच्चा देने का कितना कीमत तय हुआ ।
बहरहाल अब देखना ये होगा कि जनपद पंचायत में अब आगे कैसे काम होगा । वैसे अध्यक्ष सूरज भारद्वाज ने अपनी कुर्सी बचाने के बाद कहा कि – इसके पहले जो भी गलती हुई है वो अब दोहराई नहीं जाएगी सभी को साथ लेकर सभी का काम किया जाएगा ।



