अचानकमार टाईगर रिजर्व से लगे जंगल में बाघिन का हमला ।
हमले में 25 वर्षीय युवक धरमजीत की गई जान ।

दबंग न्यूज लाईव
सोमवार 24.08.2026
लोरमी – अचानकमार टाईगर रिजर्व से लगे जोगीपुर के जंगल में आज एक बाघिन ने एक युवक पर हमला कर दिया जिसमें युवक की मौत हो गई । प्राप्त जानकारी के अनुसार तखतपुर के बांधा गांव का एक पच्चीस साल का युवक धरमजीत करील लेने जोगीपुर के जंगल में गया हुआ था इसी समय एक बाघिन ने युवक पर हमला कर दिया और सीधे युवक की गर्दन दबोच ली ।

बाघिन का हमला इतना तेज और घातक था कि युवक की वहीं मौत हो गई । बताया जा रहा है कि जिस क्षेत्र में घटना हुई, वहां शेरनी अपने शावक के साथ मौजूद थी। घटना की सूचना मिलते ही जुनापारा पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जंगल क्षेत्र से युवक का शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए लोरमी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।

घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने और विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी है। वन विभाग की टीम अब घटना वाले क्षेत्र में स्थिति पर नजर रख रही है।
जोगीपुर का जंगल अचानकमार टाईगर रिजर्व से लगा हुआ है और यहां वन्य जीवों की आवाजाही बनी रहती है । जिस टाईग्रेस ने युवक पर हमला किया है उसके साथ बच्चे भी थे ऐसे में संभावना यही है कि टाईग्रेस अपने बच्चों को जंगल के टाईगर और अन्य जानवरों से बचाने के लिए इस क्षेत्र में अपना ईलाका बनाई होगी । ऐसे में इंसानों का वहां होना खतरनाक है । वन विभाग और अचानकमार टाईगर रिजर्व के अधिकारियों को इस जंगल में गांव वालों को जाने से रोकना चाहिए था ।



