लूफा बांध से रिसाव, हजारों एकड़ फसल और ग्रामीणों की जान पर खतरा, जल संसाधन विभाग बेखबर ।

दबंग न्यूज लाईव
शुक्रवार 28.08.2026
कोटा/ बेलगहना , कोटा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बेलगहना के समीप ग्राम लूफा में बना सिंचाई बांध इन दिनों ग्रामीणों के लिए आफत का कारण बन गया है। पहाड़ के नीचे बने इस बांध से लगातार रिसाव हो रहा है और कभी भी बांध के टूटने का खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार यह बांध किसानों की फसलों की सिंचाई के लिए बनाया गया था, लेकिन निर्माण के बाद से ही जल संसाधन विभाग के अधिकारियों की लापरवाही और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ता आ रहा है। बांध के मुख्य गेट से हजारों गैलन पानी का रिसाव हो रहा है। ग्रामीणों ने कई बार विभाग को सूचना दी, लेकिन अधिकारियों ने हर बार सिर्फ खानापूर्ति कर गेट पर थूक-पॉलिश कर दिया।
वर्तमान में बांध पूरी क्षमता से भरा हुआ है और निचले स्तर से तेजी से पानी रिस रहा है। ग्रामीणों को डर है कि अगर बांध फूट गया तो पानी का तेज बहाव किसानों की हजारों एकड़ फसल को बहा ले जाएगा और लूफा गांव के निचले इलाके में बसी बड़ी आबादी इसकी चपेट में आ जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि सुशासन तिहार में सरपंच, जनप्रतिनिधियों और किसानों ने सामूहिक रूप से इसकी शिकायत की थी, लेकिन शिकायत के बाद भी आज तक कोई अधिकारी मौके पर निरीक्षण करने नहीं पहुंचा है। इससे विभाग के निष्क्रिय रवैये पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
गांव में दहशत का माहौल है। निचले इलाके में रहने वाले लोगों को रात में सोने में भी डर लग रहा है। ग्रामीणों ने शासन से मांग की है कि बांध का तत्काल तकनीकी परीक्षण कर नया मजबूत गेट लगाया जाए और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि नेपाल जैसी किसी बड़ी घटना की पुनरावृत्ति होने से रोकी जा सके।



